एक लाख की इनामी, बीजापुर निवासी रेशमा उर्फ पांडे हिचामी को पुलिस-बीएसएफ ने दबोचा
कांकेर, 3 अक्टूबर 2025 (संवाददाता)। कांकेर जिले के टेकापानी-बड़गांव इलाके में हाल ही में हुई मुठभेड़ के बाद सुरक्षा बलों ने एक महिला नक्सली को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिला का नाम रेशमा उर्फ पांडे हिचामी (20 वर्ष) बताया गया है, जो जिला बीजापुर के ग्राम कोरंजेड़ की रहने वाली है। सुरक्षा बलों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान महिला नक्सली को गोली लगी थी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद 1 अक्टूबर 2025 को औपचारिक गिरफ्तारी की गई। महिला नक्सली रावघाट एलओएस (Local Organisation Squad) की सक्रिय सदस्य रही है।
गिरफ्तार महिला पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त कार्रवाई में उसके पास से एक रिवाल्वर और नक्सल गतिविधियों से संबंधित अन्य सामान बरामद हुआ है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में लगातार चलाए जा रहे सर्च और डॉमिनेशन अभियान से रावघाट एरिया कमेटी कमजोर पड़ी है। महिला नक्सली की गिरफ्तारी से नक्सलियों के नेटवर्क को और नुकसान होगा।


