9 और 10 को रायपुर में होगा महापड़ाव

महासमुंद। बागबाहरा के कर्मचारी भवन में 9 एवं 10 जून 2022 को राजधानी में होने वाले महाआंदोलन की रूपरेखा और तैयारी को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं की एक बैठक संपन्न हुई। कलेक्टर दर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित किए जाने सहित छः सूत्रीय मांगों को लेकर दो दिवसीय धरना प्रदर्शन किया जाएगा। जिसमें जिले भर के आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाएं शामिल होंगी।
बागबाहरा तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी भवन में रविवार को छत्तीसगढ़ जुझारू आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ के बैनर तले बैठक आहूत की गई। जिसमें छग जुझारू कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष पद्मावती साहू ने 9 एवं 10 जून को राजधानी रायपुर में होने वाली प्रदेश स्तरीय दो दिवसीय महाआंदोलन (महापड़ाव) की रूपरेखा और तैयारी पर चर्चा की। प्रांताध्यक्ष श्रीमती साहू ने इस दौरान कहा कि छः सूत्रीय मांगों को लेकर दिन और रात यानी 48 घंटे यह महापड़ाव जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि छः सूत्रीय मांगों में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाओं को दिए जाने वाला मानदेय कलेक्टर दर पर दिया जाए। और सभी को शासकीय कर्मचारी दर्जा प्राप्त हो। इसी प्रकार सुपरवाइजरों का शत प्रतिशत पदोन्नति किया जाए। मिनी आंगनबाड़ी केंद्र को पूर्ण रूप से आंगनबाड़ी केंद्र बनाया जाए। सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर निशर्त लिया जाए। इसी तरह रिटायर्ड आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को 5 लाख और सहायिकाओं को 3 लाख रुपए दिया जाए, तथा पोषण ट्रेकर में काम करने के लिए नया मोबाइल फोन और नेट पैक शामिल है। प्रांताध्यक्ष श्रीमती साहू ने एक जुटता के साथ अधिक से अधिक संख्या में इस महापड़ाव में शामिल होने की अपील की है। इस अवसर पर प्रातांउपाध सुधा रात्रे, जिलाध्यक्ष सुलेखा शर्मा, बागबाहरा ब्लाक अध्यक्ष सरोज चंद्राकर, तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ अध्यक्ष भीमसेन चंद्राकर, संरक्षक भैयालाल चंद्राकर, रूपेश सोनी, श्री बुनकर, श्री सोनी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिकाएं मौजूद थे।