भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय ने सोमवार को जोन-1 नेहरू नगर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों का सघन औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण, तालाब सुंदरीकरण, उद्यान और खेल मैदानों की प्रगति का जायजा लिया तथा अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य समय सीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड क्रमांक 6 संजय नगर से हुई, जहां लंबे समय से मांग की जा रही नवीन डामरीकरण सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। आयुक्त ने सड़क की गुणवत्ता देखी और कहा कि इससे स्थानीय निवासियों को धूल-कीचड़ से राहत मिलेगी तथा आवागमन सुगम होगा।
संजय नगर तालाब के निरीक्षण में चारों ओर लगी चेकर टाइल्स के कई हिस्सों के उखड़ने पर आयुक्त ने जोन अधिकारियों को तत्काल मरम्मत और व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। साथ ही तालाब के मध्य चबूतरे के संधारण कर उसे आकर्षक बनाने को कहा।
गुलमोहर उद्यान में चल रहे शेड निर्माण कार्य की प्रगति देखते हुए आयुक्त ने इसे शीघ्र पूरा करने और उद्यान में नियमित सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। निकटवर्ती बैडमिंटन कोर्ट की सुरक्षा के लिए चैन लिंक फेंसिंग को मजबूत और व्यवस्थित करने को भी कहा गया।
निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त अजय राजपूत, सहायक अभियंता फत्तेलाल साहू, उप अभियंता बसंत साहू एवं रीमा जामुलकर, सहायक राजस्व अधिकारी सुनील जोशी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। आयुक्त का यह निरीक्षण ‘स्वच्छ एवं सुंदर भिलाई’ अभियान के तहत शहर को बेहतर बनाने की दिशा में निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


