महासमुंद। तुमगांव थाना क्षेत्र में लंबे समय से फल-फूल रहे देह व्यापार के गोरखधंधे का ग्रामीणों ने बड़ा भंडाफोड़ किया है। रविवार सुबह करीब 11 बजे ग्रामीण महिलाओं ने अनीता के मकान से चार संदिग्ध महिलाओं को पकड़ा और कंडोम सहित आपत्तिजनक सामान बरामद कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पाण्डेय खुद थाना पहुंचीं और करीब 6–7 घंटे तक बारीकी से पूछताछ व जांच की। इसके बाद पुलिस ने पकड़ी गई महिलाओं पर अलग-अलग धाराओं के तहत कार्रवाई की है।
तीन महिलाओं पर पीटा एक्ट, तीन पर 151
तुमगांव पुलिस ने पकड़ी गई महिलाओं में तीन के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 3, 4, 5, 6, 7 और 351(2) बी एन एस के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की है। वहीं बाकी तीन महिलाओं के खिलाफ धारा 151 की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
वर्षों से हाईवे किनारे फल-फूल रहा था धंधा
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित इस इलाके में वर्षों से देह व्यापार खुलेआम चल रहा था। इस वजह से आए दिन विवाद और तनाव की स्थिति बनती रही है। पुलिस की यह सख्त कार्रवाई लोगों के लिए बड़ा संदेश है कि अब ऐसे मामलों में समझौता नहीं होगा।
अध्यक्ष साहू की शिकायत पर लगी मुहर
इस प्रकरण में अहम मोड़ तब आया जब नगर पंचायत अध्यक्ष बलरामकांत साहू का नाम चर्चा में आया। उन्होंने पहले ही पुलिस को ज्ञापन सौंपकर देह व्यापार बंद कराने की मांग की थी। लेकिन इसी घर की एक महिला ने उन पर छेड़छाड़ और धमकी का आरोप लगाते हुए शिकायत कर दी, जिसके बाद 29 अगस्त की सुबह पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया था। अब पुलिस की ताज़ा कार्रवाई से साफ हो गया है कि साहू की शिकायत सही थी और जिस मकान पर उन्होंने सवाल उठाए थे, वहां वाकई देह व्यापार चल रहा था।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर इसी तरह की कार्रवाई लगातार जारी रही तो निकट भविष्य में इस अवैध कारोबार का जड़ से सफाया संभव है। उन्होंने एएसपी प्रतिभा पाण्डेय की तत्परता और कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि समाज विरोधी गतिविधियों के खिलाफ अब शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जानी चाहिए।


