सात फेरों के साथ ली सात जन्म तक साथ निभाने की शपथ
बाजे गाजे के साथ निकली 160 दूल्हों की बारात

महासमुंद। शहर के संजय कानन में आज मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना का लाभ लेते हुए 160 नव वर वधु ने वैदिक रीति रिवाज के साथ सात जन्मों के लिए एक दूसरे का साथ देने की शपथ लेकर विवाह बंधन में बंध गए। महिला बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस मुख्यमंत्री कन्या विवाह में आज सुबह से विवाह की सारी तैयारी कर ली गई थी। सुबह लगभग 11 बजे बाजे गाजे के साथ 160 दूल्हों की बारात निकाली गई। गाजेबाजे के साथ नाचते गाते बाराती विवाह स्थल पर पहुंचे, गायत्री परिवार से पहुंचे पंडितों ने मंत्रों उच्चारण के साथ हिंदू रीतिरिवाज के साथ सभी 160 जोड़ों को परिणय सूत्र में जोड़ा। नव वर वधु को आशीर्वाद प्रदान करने जहां वर वधु के परिजन शादी में उपस्थित हुए वहीं शहर जन प्रतिनिधियों ने भी वर वधुओं को उपहार के साथ सुखमय और खुशहाल जीवन जीने का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में महिला बाल विकास विभाग के सभी अधिकारी कर्मचारी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। महिला बाल विकास विभाग के जिला अधिकारी समीर पाण्डेय ने बताया कि शादी के जोड़ो पर परिणय सूत्र में बंधने वाले जोड़े में वधु को छत्तीसगढ़ राज्य सरकार की तरफ से उपहार के रूप में 35 हजार उनके खाते में सीधा भेजा जा रहा है। साथ ही शादी में उपस्थित वर वधुओं के परिजनों के लिए रुकने और खाने पीने की व्यवस्था भी महिला बाल विकास विभाग ने शासन की मंशानुरूप कर रखी है।
आज के कार्यक्रम में नव जीवन में प्रवेश कर रहे वर वधु की शुभकामनाएं प्रदान करने महासमुंद जिला पंचायत के उपाध्यक्ष भीखम ठाकुर, नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष निखिलकांत साहू, जिला पंचायत सदस्य जागेश्वर चंद्राकर, जनपद पंचायत की उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर, निधि चंद्राकर सहित शहर के पार्षद और अन्य जनप्रतिनिधि आज के मुख्यमंत्री कन्या विवाह में संजय कानन में उपस्थित रहे।