महासमुंद। राजधानी रायपुर में आयोजित एक सम्मान समारोह में लावण्या फाउंडेशन द्वारा प्रदेश की प्रतिभाशाली महिलाओं को विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महासमुंद जिले की होनहार खिलाड़ी कुमारी चारूलता गजपाल को उनके उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन और राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री कृष्ण बिहारी, विधायक पुरंदर मिश्रा तथा राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा उपस्थित रहे। अतिथियों ने चारूलता गजपाल को शाल श्रीफल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बताया गया कि चारूलता गजपाल वर्तमान में वन विभाग में कार्यरत हैं और लंबे समय से खेल के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई पदक हासिल किए हैं। हाल ही में आयोजित All India Forest Sports Meet में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वेटरन वर्ग में चार स्वर्ण पदक जीतकर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया।
लावण्या फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में प्रदेश भर से खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाजसेवा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में सकारात्मक योगदान देने वाली महिलाओं को प्रोत्साहित करना और युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा देना था।
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि चारूलता गजपाल जैसी प्रतिभाएं प्रदेश के लिए गौरव की बात हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए प्रतिभागियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और खेल प्रेमियों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रखने की बात कही, ताकि प्रदेश की प्रतिभाओं को उचित मंच और पहचान मिल सके।


