महासमुंद। जिले में अवैध नकदी परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे सघन जांच अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना बसना और थाना बलौदा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नकद राशि एवं वाहनों सहित कुल 75 लाख 20 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, ओडिशा के पदमपुर से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की टोयोटा हाईराईडर कार (CG 04 QU 6591) को बसना थाना क्षेत्र के पलसापाली नाका पर घेराबंदी कर रोका गया। वाहन में सवार आशु बंसल (निवासी मुरैना, वर्तमान रायपुर) एवं चालक महेंद्र चौहान (निवासी बालाघाट) की तलाशी लेने पर कार में रखी प्लास्टिक बोरी से 32 लाख 50 हजार रुपए नकद बरामद किए गए।
इसी प्रकार थाना बलौदा पुलिस ने सिरपुर नाका पर चेकिंग के दौरान एक एक्सयूवी कार (OD 08 AA 4159) को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार केशव अग्रवाल एवं गोविन्द चंद मुंड (निवासी भवानीपटना, ओडिशा) के कब्जे से 15 लाख रुपए नकद जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों द्वारा इतनी बड़ी राशि के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर दोनों मामलों में धारा 106 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत नकदी एवं परिवहन में प्रयुक्त वाहनों को जब्त कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच के लिए आयकर विभाग को सूचित कर विस्तृत प्रतिवेदन भेजा गया है। कार्रवाई में बसना क्षेत्र से जब्त टोयोटा हाईराईडर कार की कीमत लगभग 17.50 लाख रुपए तथा बलौदा क्षेत्र से जब्त एक्सयूवी कार की कीमत लगभग 10 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अतिरिक्त एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।
गौरतलब है कि महासमुंद पुलिस द्वारा विगत 5 दिनों में अवैध नकदी के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार 480 रुपए नकद जब्त किए जा चुके हैं, जिससे अवैध लेन-देन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।


