खेल

कराते, मेडिटेशन सीख रहे बच्चों से मिले- अग्नि

महासमुंद। छग राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष व पूर्व विधायक अग्नि चंद्राकर रविवार सुबह बीटीआई रोड स्थित श्री गुरुतेग बहादुर उद्यान में जुम्बा डांस, योगा, कराते, मेडिटेशन का प्रशिक्षण ले रहे बच्चों से मिलने और उनका उत्साह बढ़ाने पहुंचे।
जुम्बा डांस प्रैक्टिस के दौरान कैम्प में पहुंचे निगम अध्यक्ष श्री चंद्राकर का बच्चों ने अपने अंदाज में स्वागत किया। श्री चंद्राकर ने बच्चों के साथ मेडिटेशन किया। इस दौरान जूडो, कराते प्रशिक्षक नीलकंठ साहू, शेखर साहू के निर्देशन में पिछले 15 दिनों से प्रशिक्षण ले रहे बच्चों ने अब तक सीखी आत्मरक्षा की कला का डेमो पेश किया। बच्चों की लगन और उत्साह देखकर निगम अध्यक्ष ने खुशी जाहिर की और उनसे मुखातिब होते हुए कहा कि आत्मरक्षा की कला सीखकर जहां आपका शरीर मजबूत होगा और आत्मविश्वास बढ़ेगा, वहीं मेडिटेशन, योगाभ्यास हमें संयम, सदाचार की ओर प्रेरित करता है। जीवन में संयम आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को पेड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि पेड़ हमें आक्सीजन तो देते ही हैं, वातावरण में व्याप्त कार्बनडाइ आक्साइड जैसे विषैले तत्वों को अवशोषित भी करते हैं, जिससे जीवन के लिए स्वस्थ वातावरण बना रहता है। इसी प्रकार संयम सदाचार से अपना जीवन अच्छा बनाने के साथ ही समाज से बुराइयों को दूर करने का प्रयत्न हमें करना चाहिए। नशा बहुत बड़ी बुराई है। बच्चे भी कई तरह के नशा करने लगे हैं। इस नशे की प्रवित्ति से स्वयं को दूर रखें और कोई दूसरा नशा करता हो तो उसे जरूर टोकें। इससे पूर्व जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी सुधाकर बोदले ने बच्चों को सफल जीवन के लिए पांच बातें बताई। उन्होंने कहा जो प्रशिक्षण में जो सीखें उसे कम से कम एक फ्रैंड को जरूर सिखाएं। अपने छोटे-मोटे काम स्वयं करें और माता-पिता का हाथ बटाएं, समय का पाबन्द रहें, अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदार रहें तथा जो भी कार्य करें देश सेवा की भावना से करें। पूर्व नपाध्यक्ष राशि महिलांग ने भी बच्चों को प्रोत्साहित किया और आशा वक्त की महासमुंद में महासमुंद के बच्चे आईएएस, आईपीएस बनकर आएंगे। इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के अध्यक्ष नारायण नामदेव, समाजसेविका तारिणी चंद्राकर, एसपी ध्रुव सहित शिविर में सहयोगी युवक-युवतियां, प्रशिक्षणार्थी बच्चे और उनके पालक मौजूद थे। कराते प्रशिक्षक नीलकंठ साहू व शेखर साहू ने बताया कि शिविर में महासमुंद शहर के अलावा आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में बच्चे पहुंच रहे हैं। ओडिशा से भी बच्चे यहां आने को लालायित हैं। प्रशिक्षणार्थी बच्चों के लिए अंकुरित अनाज के नाश्ते का प्रबंध वे स्वयं कर रहे हैं। बच्चों की बढ़ती संख्या को देखते हुए अब हाईस्कूल मैदान में वृहद आयोजन पर विचार किया जा रहा है। इसमें जन सहयोग की आवश्यक्ता होगी।

Ravindra Vidani

सम्पादक रविन्द्र विदानी 7587293387, 9644806708

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!