रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ को दहला देने वाले बिलासपुर रेल हादसे में 11 लोगों की दर्दनाक मौत और 20 से अधिक यात्रियों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर से पूरा प्रदेश शोक में डूबा हुआ है। हादसे के वक्त जब राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा था, उसी दौरान राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा का एक गीत गाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो में मंत्री वर्मा जांजगीर जिले के राज्य अलंकरण एवं रजत जयंती महोत्सव के मंच पर सुर में गुनगुनाते नजर आ रहे हैं, जबकि दूसरी ओर रेल हादसे में घायल यात्री जिंदगी और मौत से जूझ रहे थे। यह वीडियो सामने आते ही जनता में भारी आक्रोश फैल गया। सोशल मीडिया पर यूज़र्स जमकर भड़के और मंत्री पर संवेदनहीनता का आरोप लगाया।
एक यूज़र ने लिखा – “जब लाशें उठ रही थीं, तब सुर उठाना क्या राजनीति का नया मानक है?”
दूसरे ने तंज कसा – “आपदा प्रबंधन मंत्री से ऐसी ‘संगीतमय आपदा’ की उम्मीद नहीं थी!”
वहीं विपक्षी दलों ने भी सरकार पर कड़ा प्रहार करते हुए मंत्री से तत्काल इस्तीफे की मांग की है। राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है, जबकि जनता सवाल उठा रही है कि — “क्या संवेदनशीलता अब सिर्फ भाषणों में रह गई है?”
उधर, सरकार की ओर से अब तक इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इस बीच, हादसे में घायल यात्रियों का इलाज बिलासपुर और रायपुर के विभिन्न अस्पतालों में जारी है, और प्रशासन राहत व सहायता कार्यों में लगा हुआ है।
जहां एक ओर प्रदेश शोक में डूबा है, वहीं मंत्री का यह “संगीतमय” अंदाज़ सरकार की छवि पर सवालिया निशान खड़ा कर गया है।


