मोदी की गलत नीतियों की वजह से बढ़ी महंगाई-चंद्रशेखर

महासमुन्द।अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर आज छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के संगठन महामंत्री चंद्रशेखर शुक्ला और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव अमरजीत चावला प्रेस क्लब महासमुंद पहुंचे थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की अकर्मण्यता और मुनाफाखोरी वाली नीति के कारण देश की जनता महंगाई से परेशान है, लोगों की माली हालत बदहाल स्थिति में पहुंच गई है।सत्ता में आने के बाद से मोदी सरकार ने रोजमर्रा के सामानों की कीमतों पर दोगुनी बढ़ोतरी की है। आज महंगाई ने देश की जनता की कमर तोड़ दी है। मोदी और उनकी सरकार की प्राथमिकता में गांव, गरीब, किसान, मजदूर, आम आदमी है ही नहीं। मोदी सरकार ने आम आदमी को राहत देने के लिए कभी कोई योजना बनाई ही नहीं। मोदी सरकार ने चंद उद्योग पतियों को फायदा पहुंचाने के लिए सारी योजनाओं का क्रियान्वयन उद्योगपति के हित में कर दिया है। अडानी और अंबानी को लाभ पहुंचाने के लिए देश की सारी संस्थाएं इन उद्योगपतियों के हाथों में चला गया है। अब परिस्थितियां ऐसी बन गई है कि बैंक भी इन उद्योग पतियों के हाथों में जाने वाला है। गोदी मीडिया के रहमों करम के चलते मोदी सरकार आम जनता को लगातार बेवकूफ बना रही है। लेकिन वो कहते हैं ना कि काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती इसी तरह देश की जनता ने नरेंद्र मोदी का असली चेहरा देख लिया है। प्रदेश कांग्रेस की टीम से पहुंचे चंद्रशेखर शुक्ला और अमरजीत चावला ने कहा कि देश में बिकने वाली दालें और खाद्य तेल का 70% हिस्सेदारी सिर्फ एक ही उद्योग घराने अडानी का है। देश में उत्पादित कोयले का अधिकांश एकाधिकार प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तौर पर अडानी का है, महंगाई बढ़ने के पांच महत्वपूर्ण कारण मोदी सरकार ने जिस प्रकार बिना सोचे समझे नोटबंदी कर दी, जीएसटी लागू कर दिया। आर्थिक कुप्रबंधन के चलते महंगाई बढ़ने लगी। चंद उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सार्वजनिक संस्थाओं का निजीकरण कर दिया गया है। नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की भी असफलता किसी से छुपी नहीं है। देश की मोदी सरकार पड़ोसी देशों से तालमेल बनाने में असफल साबित हुए हैं। जिसके कारण पड़ोसी देशों से आयात होकर आने वाली महत्वपूर्ण सामग्रियों के दामें लगातार बढ़ती गई है।नहाने का साबुन से लेकर सोने और चांदी, मकान बनाने की वस्तुएं, किसानों के उर्वरक खाद में भारी बढ़ोतरी हुई है। कल तक आम लोगों के पहुंच में आने वाली सारी चीजें, अब आम जनता की पहुंच से बाहर हो गई है। 2014 के बाद से पेट्रोलियम की कीमत में लगातार बढ़ोतरी हुई है। मोदी सरकार ने कम कीमत में पेट्रोलियम पदार्थ लेकर आज महंगे दामों में जनता को लेने में मजबूर कर दिया है। कमर्शियल गैस सिलेंडर और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में भारी इजाफा देखा जा रहा है। भारत देश की जनता नरेंद्र मोदी सरकार के आने के बाद से लगातार उनके कुशासन का शिकार हो रही है।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर महंगाई के विरोध में जनजागरण अभियान के तहत महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी, ब्लॉक एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा पदयात्रा का आयोजन भी किया गया। जनजागरण पद यात्रा में जिलाध्यक्ष डॉ रश्मि चंद्राकर के नेतृत्व में एवं विनोद सेवनलाल विधायक एवं सांसदीय सचिव के विशेष उपस्थिति में जन जागरण अभियान का शुभारंभ भी आज किया गया। प्रेसवार्ता के दौरान शहर अध्यक्ष खिलावन बघेल, राजेश जैन, शोमेस दवे सहित अन्य कांगेसी उपस्थित थे।