महासमुंद। पहला नेशनल पैरा योगासन चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन 27 से 28 सितंबर तक नई दिल्ली स्थित मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योगा में किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता पैरा योगासन स्पोर्ट्स प्रमोशन कमेटी ऑफ योगासन भारत एवं नवयोगा सूर्योदय सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में होगी। छत्तीसगढ़ की टीम में महासमुंद जिले से तोरण यादव एवं प्रीति यादव का चयन किया गया है।
तोरण यादव, पिता डेरहा यादव, ग्राम पंचायत खट्टी (महासमुंद) के निवासी हैं। उन्होंने पूर्व में भी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग लेकर पदक जीतने में सफलता प्राप्त की है। वे ग्राम पंचायत खट्टी में योगाभ्यास के माध्यम से अन्य युवाओं को भी प्रशिक्षण देते हैं। वर्तमान में वे मनसा कॉलेज में शारीरिक शिक्षा (बी.पी.एड.) की पढ़ाई कर रहे हैं।
इसी तरह, प्रीति यादव, पिता श्री रमेश यादव, फॉर्चून नेत्रहीन विद्यालय कर्मापटपर बागबाहरा से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने पैरा एथलेटिक्स में कई पदक जीतकर जिले व राज्य का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने पर खेल अलंकार से सम्मानित किया जा चुका है। तोरण एवं प्रीति दोनों खिलाड़ी छत्तीसगढ़ टीम का हिस्सा बनकर नई दिल्ली रवाना होंगे।
उनके चयन पर उप संचालक समाज कल्याण विभाग संगीता सिंह, खेल एवं युवा कल्याण विभाग महासमुंद के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे, मनसा शिक्षा महाविद्यालय भिलाई की प्राचार्य डॉ. स्मिता सक्सेना, खेल अधिकारी डॉ. मेजर सिंह, जिला पैरा स्पोर्ट्स संघ महासमुंद अध्यक्ष निरंजन साहू एवं गणेश राम कोसरे, कोषाध्यक्ष सेवन दास मानिकपुरी, हिरेंद्र देवांगन, डॉ. विकास अग्रवाल, स्पोर्ट्स ऑफिसर पीजी कॉलेज दिलीप लहरें, राकेश ठाकुर, शिवेंद्र यादव, सविता निषाद, सत्यनारायण दुर्गा, प्रभा साहू, एवन साहू तथा फॉर्चून नेत्रहीन विद्यालय के समस्त शिक्षक व स्टाफ ने शुभकामनाएं दीं।


