संवाददाता_बलराम कोलते दुर्ग भलाई
दुर्ग। ग्राम बसीन पोस्ट करेंजा भिलाई में पटवारी पर सिंचाई विभाग की जमीन में हेराफेरी कर भू-माफिया को फायदा पहुंचाने का सनसनीखेज आरोप सामने आया है। ग्रामीणों ने जिलाधीश दुर्ग को ज्ञापन सौंपकर पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच और निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, सिंचाई विभाग द्वारा खसरा नंबर 1013 में 12 डिसमिल जमीन जलाशय (बंड) के लिए ली गई थी, जो विभागीय नक्शों में स्पष्ट दर्ज है। लेकिन आरोप है कि बंटवारे के दौरान पटवारी ने नियमों को दरकिनार करते हुए 1013/2 को 1018/2 में न दिखाकर 1018/1 में जोड़ दिया, जिससे भूमि का स्वरूप बदल गया और भू-माफिया को चौकोर आकार की सुविधाजनक जमीन मिल गई।
ग्रामीणों का कहना है कि यह पूरा बंटवारा आर्थिक लाभ लेकर, पूरी तरह नियम विरुद्ध, और सिंचाई विभाग की भूमि से छेड़छाड़ करते हुए किया गया है। यही नहीं, ग्रामीणों को बिना सूचना और बिना सीमांकन के पूरे प्रकरण को अंजाम दिया गया, जिससे ग्रामवासियों के आवागमन में बाधा पैदा हो रही है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में सिंचाई विभाग को जलाशय विस्तार के लिए जमीन की आवश्यकता पड़ेगी, तो नक्शा बदल जाने से विभाग के हित प्रभावित होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि पटवारी ने सिंचाई विभाग के आधिकारिक नक्शे को भी बिना अनुमति बदल दिया है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें है कि पटवारी द्वारा किए गए पूरे बंटकान की निष्पक्ष जांच हो। सिंचाई विभाग की भूमि में कथित हेराफेरी की जांच, भू-माफिया को लाभ पहुंचाने वाले निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाई जाए और संबंधित अधिकारियों पर कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने इस शिकायत की प्रतिलिपि कमिश्नर दुर्ग, सचिव राजस्व विभाग, मुख्य अभियंता जल संसाधन विभाग, अनुविभागीय अधिकारी (SDM), थाना प्रभारी जेवरा सिरसा और पंचायत सचिव ग्राम बसीन को भी भेजी है। ग्रामवासियों का कहना है कि यदि जांच जल्द शुरू नहीं की गई तो वे सामूहिक आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।


