भिलाई। तालपुरी इंटरनेशनल कॉलोनी के बी-ब्लॉक में हाउसिंग बोर्ड द्वारा खुली भूमि पर प्रस्तावित सघन आवासीय परियोजना के खिलाफ कॉलोनीवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। निवासियों का आरोप है कि बोर्ड अनुमोदित टाउन एंड कंट्री प्लान में नियमविरुद्ध बदलाव कर व्यावसायिक लाभ के लिए यह परियोजना थोप रहा है, जिससे कॉलोनी का पर्यावरणीय संतुलन, शांति और सीमित नागरिक सुविधाएं प्रभावित होंगी।
मंगलवार को बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी सड़क पर उतरे और नारेबाजी कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद आयोजित बैठक में सभी ने एकजुट होकर हर स्तर पर संघर्ष करने का संकल्प लिया। बैठक में के.एन. दिवाकर, गिरिराज देशमुख एवं डॉ. लक्षप्रद के सुझाव पर सर्वसम्मति से “तालपुरी बी-ब्लॉक बचाओ संघर्ष समिति” का गठन किया गया।
गिरिराज देशमुख के प्रस्ताव पर पूर्व अध्यक्ष सुनील चौरसिया को संयोजक अध्यक्ष तथा गिरिराज देशमुख को समन्वयक मनोनीत किया गया। निवासियों ने चौरसिया से अपेक्षा जताई कि पूर्व में परियोजना विलंब पर ब्याज तथा अवैध सर्विस टैक्स वसूली वापसी जैसे मुद्दों पर मिली सफलता की तरह इस बार भी न्याय दिलाएं।
संयोजक अध्यक्ष सुनील चौरसिया ने कहा कि नए साल से कॉलोनी में बड़े पैमाने पर हस्ताक्षर अभियान शुरू होगा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों से लेकर मुख्यमंत्री, मंडल आयुक्त एवं रेरा तक सभी सक्षम मंचों पर मजबूती से पक्ष रखा जाएगा। उन्हें विश्वास है कि संवेदनशील सरकार निवासियों की जायज मांगों पर विचार कर हाउसिंग बोर्ड की मनमानी रोकेगी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी उपस्थित रहे।


