महासमुंद। वार्ड क्रमांक 26 पंचशील नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में आज राज्य सरकार की मंशानुसार ‘वजन त्यौहार’ बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्षद पीयूष साहू की उपस्थिति में बच्चों के पोषण स्तर की जांच की गई तथा अभिभावकों को सुपोषण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों में कुपोषण की पहचान कर उन्हें समय पर पोषण सुविधाएं उपलब्ध कराना है। राज्य सरकार के ‘सुपोषित छत्तीसगढ़’ अभियान को मजबूत बनाने की दिशा में यह त्यौहार महत्वपूर्ण कड़ी है। वजन त्यौहार 9 फरवरी से 18 फरवरी तक राज्य भर के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में चलाया जा रहा है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुधा रात्रे ने वजन त्यौहार के महत्व को विस्तार से बताते हुए कहा कि यह त्यौहार मात्र वजन नापने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह बच्चों के समग्र विकास, स्वस्थ भविष्य और माताओं की जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “बढ़िया पोषण से ही स्वस्थ बच्चे तैयार होते हैं, जो राष्ट्र का मजबूत आधार बनते हैं। सरकार की यह पहल कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने में सहायक सिद्ध हो रही है। अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केंद्र लाएं, ताकि उनके पोषण स्तर का सही आकलन हो सके और आवश्यकता पड़ने पर विशेष देखभाल मिल सके।”
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया तथा पोषण संबंधी जानकारी दी। अभिभावकों को पौष्टिक आहार, संतुलित भोजन, एनीमिया से बचाव तथा नियमित जांच के बारे में बताया गया।
यह आयोजन छत्तीसगढ़ सरकार की बाल-कल्याण योजनाओं का जीवंत उदाहरण है, जो बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और पोषण सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। वजन त्यौहार कार्यक्रम में मुख्य रूप से पर्यवेक्षक श्रीमती कुंती यादव आंगनवाड़ी कार्यकर्ता धनवती बघेल रंभा जगत उषा बघेल वी पूजा साहू उर्वशी दीवान रागिनी दीवान महेश शर्मा वर्षा गुर्वेकर बड़ी संख्या में वार्ड वासी उपस्थित थे।


