Wednesday, 1 Jul 2026

वन विद्यालय में 80वें प्रशिक्षण सत्र का दीक्षांत समारोह सम्पन्न

महासमुंद। वन विभाग के अंतर्गत संचालित वनरक्षक प्रशिक्षण शाला महासमुंद में 80वें छमाही प्रशिक्षण सत्र के सफल समापन पर बुधवार को भव्य दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य वन संरक्षक (मा.स.वि.प्रो.) अटल नगर नवा रायपुर आलोक कुमार तिवारी तथा अध्यक्षता मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणिवासगन एस. ने की।

समारोह की शुरुआत प्रशिक्षु वनरक्षकों द्वारा आकर्षक परेड एवं मुख्य अतिथियों को सलामी देकर की गई। इसके पश्चात अतिथियों ने गरुड़ एवं रुद्राक्ष के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ हुआ।

वन विद्यालय महासमुंद के संचालक एवं वनमंडलाधिकारी मयंक पाण्डेय ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर अनुदेशक निखिल पैंकरा, उपवनमंडलाधिकारी गोविंद सिंह तथा जिला यूनियन महासमुंद के उप प्रबंध संचालक ए.आर. बंजारे भी उपस्थित रहे। स्वागत उपरांत संचालक द्वारा प्रशिक्षण सत्र का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें प्रशिक्षण की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी गई।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि आलोक कुमार तिवारी ने कहा कि वनरक्षक वनों के संरक्षण एवं प्रबंधन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि वनरक्षक ही मैदानी स्तर पर योजनाओं और कार्यों का क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हैं, इसलिए उन्हें अपने कार्यक्षेत्र में स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर वानिकी कार्यों को बढ़ावा देना चाहिए। उन्होंने प्रशिक्षुओं से वनों को अधिक उत्पादक एवं संरक्षित बनाने के लिए नवाचार अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्य वन संरक्षक मणिवासगन एस. ने वनरक्षकों को वन विभाग की रीढ़ बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान के साथ-साथ फॉरेस्ट मैन्युअल, कार्य आयोजना और वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देशों का निरंतर अध्ययन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वनों के प्रभावी प्रबंधन एवं संरक्षण के लिए वन प्रबंधन समितियों का सहयोग लेना तथा नियमित रूप से उनकी बैठक आयोजित करना अत्यंत जरूरी है। इससे स्थानीय समुदाय की सहभागिता बढ़ेगी और वन संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

इस अवसर पर अनुदेशक निखिल पैंकरा ने 80वें प्रशिक्षण सत्र के परीक्षा परिणामों की घोषणा की। इसके बाद मुख्य अतिथियों द्वारा सफल प्रशिक्षुओं को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। विभिन्न वानिकी विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रशिक्षुओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया, वहीं खेलकूद प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को ट्रॉफी प्रदान की गई।

प्रशिक्षण के सभी विषयों में सर्वाधिक अंक अर्जित कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले हिमांशु सिन्हा को “ऑल ओवर टॉपर” घोषित किया गया। उन्हें विशेष ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर उपस्थित अधिकारियों एवं प्रशिक्षुओं ने उन्हें बधाई दी।

दीक्षांत समारोह में वन विद्यालय के सहायक अनुदेशक, अधिकारी-कर्मचारी, उपवनमंडलाधिकारी महासमुंद, उप प्रबंध संचालक महासमुंद, वन परिक्षेत्र अधिकारी तथा वनमंडल कार्यालय के कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पवन चंद्राकर ने किया। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह के समापन की घोषणा की गई।

वनरक्षक प्रशिक्षण शाला में आयोजित यह दीक्षांत समारोह प्रशिक्षुओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित हुआ, जहां उन्हें वन संरक्षण एवं प्रबंधन की जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!