Sunday, 22 Nov 2026

स्कूल में शिक्षिका से लूट का खुलासा, 7 गिरफ्तार

मंगलसूत्र-मोबाइल बरामद, ज्वेलर्स संचालक और एक नाबालिग भी पकड़े गए

महासमुंद।बसना थाना की चौकी भंवरपुर पुलिस ने ग्राम बड़े साजापाली के प्राथमिक स्कूल में प्रधान पाठिका से हुई लूट का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने लूट के दो मुख्य आरोपियों सहित माल की खरीद-बिक्री करने वाले कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

30 जून 2026 को सुबह करीब 11 बजे एक अज्ञात युवक स्कूल में घुसा और चाकू दिखाकर प्रधान पाठिका नानबाई चौधरी (55) से सोने का मंगलसूत्र मांगा। उसने बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। डरी हुई शिक्षिका ने मंगलसूत्र दे दिया। रोकने के प्रयास में उनकी बाएं हाथ की उंगली में चाकू से चोट आई। आरोपी मोबाइल भी लूट ले गया।

पुलिस ने बीएनएस की धारा 333, 309(4)(1) व 351(3) के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों का पता लगाया। गिरफ्तार आरोपियों में विशाल सिदार (19), रूपानंद सिदार (31), मुकेश चौहान (38) तीनों निवासी पलसापाली, गोकुल चौहान (36) निवासी अरेकल, भावेश पटेल (20) निवासी बरपेलाडीह, सरायपाली के सूरज ज्वेलर्स के संचालक कौस्तुभ गुप्ता और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने लूटा गया मंगलसूत्र (10 नग गेहूं दाना), सोने का एक पदक, 1.5 ग्राम गला हुआ सोना और विवो मोबाइल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार शत-प्रतिशत मशरूका बरामद हो चुका है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!