
महासमुंद। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के महासमुंद वृत्त ने बकाया वसूली और बिजली चोरी रोकने के लिए महासमुंद एवं गरियाबंद जिलों में विशेष जांच व डिस्कनेक्शन अभियान चलाया। महासमुंद, सरायपाली, पिथौरा और गरियाबंद संभागों में एक साथ कार्रवाई हुई। अभियान में स्मार्ट मीटर से रिमोट डिस्कनेक्शन और नॉन-स्मार्ट मीटर में भौतिक रूप से काटे गए कनेक्शनों की जांच की गई। कुल 188 कनेक्शन जांचे गए, जिनमें 37 उपभोक्ताओं ने मौके पर बकाया चुकाकर कुल 7.30 लाख जमा किए।

जांच में 73 उपभोक्ता ऐसे मिले जो बकाया दिए बिना कटे कनेक्शन को खुद जोड़कर, मीटर बायपास कर या सीधे एलटी लाइन से हुकिंग कर बिजली इस्तेमाल कर रहे थे। इनके विरुद्ध पंचनामा बनाकर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 व 138 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें महासमुंद संभाग के 23, सरायपाली के 28, पिथौरा के 15 और गरियाबंद के 7 उपभोक्ता शामिल हैं। नियमानुसार आकलन-बिलिंग की जा रही है तथा प्रकरण विशेष विद्युत न्यायालय में पेश करने और थानों में प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई होगी।
कंपनी ने स्पष्ट किया कि बकाया चुकाए बिना खुद लाइन जोड़ने पर तत्काल दोबारा कनेक्शन काटने के साथ कानूनी कार्रवाई होगी। उपभोक्ता बकाया जमा कर और कंपनी की अनुमति लेकर ही कनेक्शन पुनः जुड़वाएं। यह अभियान मार्च 2027 तक लगातार चलेगा। कंपनी ने उपभोक्ताओं से छत्तीसगढ़ शासन की समाधान योजना में पंजीयन कराकर मूल राशि और अधिभार (सरचार्ज) में छूट का लाभ लेने तथा बिलों का नियमित भुगतान करने की अपील की है। इससे वे डिस्कनेक्शन व कानूनी कार्रवाई से बच सकते हैं।


