
महासमुंद। ग्रामीणों को कमीशन का लालच देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाने और उनका इस्तेमाल साइबर ठगी में करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के खिलाफ महासमुंद पुलिस ने एक और कार्रवाई की है। बसना थाने में दर्ज मामले में फरार चल रहे पांचवें आरोपी पुलोजू चंद्रा राव को पुलिस ने आंध्रप्रदेश से गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर छत्तीसगढ़ लेकर आई और न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2026 को ग्राम मनकी निवासी राजकुमार ताण्डी ने थाना बसना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि ओडिशा निवासी सुनील दुर्गा और तिमोथी छतरिया ने अपने स्थानीय साथी हेमलाल चौहान के माध्यम से ग्रामीणों को बैंक खाते खुलवाने पर 1,500 से 20 हजार रुपये तक कमीशन देने का लालच दिया था। इसके बाद ग्रामीणों के नाम पर ग्रामीण बैंक और जिला सहकारी बैंक में खाते खुलवाए गए। आरोपियों ने कंपनी में वेरिफिकेशन कराने का बहाना बनाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक, एमएस क्यूआर कोड और सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए और साइबर अपराधियों को सौंप दिए।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 452/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 319(2), 3(5) और 317(4) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने पहले चार आरोपियों सुनील दुर्गा, तिमोथी छतरिया, हेमलाल चौहान और आंध्रप्रदेश निवासी बी. लक्ष्मणा डोरा को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलोजू चंद्रा राव की भूमिका सामने आई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बैंक खातों की पासबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड विशाखापट्टनम में पुलोजू चंद्रा राव के साले के माध्यम से पहुंचाते थे। इन खातों का इस्तेमाल साइबर फ्रॉड, शेयर ट्रेडिंग और ऑनलाइन गेमिंग में पैसों के बड़े लेन-देन के लिए किया जाता था। इसके बदले आरोपियों को कमीशन मिलता था।
इसी कड़ी में बसना पुलिस की विशेष टीम ने आंध्रप्रदेश के पोलावरम जिले के अड्डाटीगाला थाना क्षेत्र में दबिश दी। 18 नवंबर को ग्राम एम. रावीलंका में घेराबंदी कर फरार आरोपी पुलोजू चंद्रा राव (39 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। स्थानीय न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद उसे बसना लाया गया। पुलिस ने आगे की पूछताछ और गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने के लिए न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच जारी है।


