Friday, 20 Nov 2026

वनकर्मियों को बंधक बनाकर पीटने वाले 10 आरोपियों की जमानत निरस्त, जेल भेजे गए

महासमुंद। वन विभाग की गश्ती टीम को बंधक बनाकर मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में खल्लारी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की अपील पर जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने मामले के सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी है। न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 अक्टूबर 2026 की है। ग्राम तमोरा के वन कक्ष क्रमांक 95 और 96 में आमाकोनी वन परिक्षेत्र की गश्ती टीम ड्यूटी पर थी। इसी दौरान लक्ष्मी ध्रुव, प्रदीप ध्रुव सहित अन्य लोगों ने गश्ती दल के साथ विवाद करते हुए हमला कर दिया। आरोप है कि वनकर्मियों को रात करीब 7:30 बजे से 11:30 बजे तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान उनके साथ अश्लील गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाई गई।

मामले में वन विभाग के कर्मचारी नवीन वर्मा की रिपोर्ट पर 7 अक्टूबर को थाना खल्लारी में अपराध क्रमांक 114/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 9 और 10 अक्टूबर को कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था। बाद में सभी आरोपी प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय से शर्तों के अधीन अंतरिम जमानत पर थे। पुलिस ने जमानत आदेश को निरस्त कराने के लिए जिला एवं सत्र न्यायालय में आवेदन प्रस्तुत किया। पुलिस ने मामले की निष्पक्ष जांच प्रभावित होने और गवाहों को डराने-धमकाने की आशंका जताई। प्रकरण के तथ्यों पर विचार करने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय महासमुंद ने सभी 10 आरोपियों की जमानत निरस्त कर दी।

इसके बाद न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी महासमुंद द्वारा आरोपियों के विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया। खल्लारी पुलिस ने 20 नवंबर को वारंट की तामिली करते हुए सभी 10 आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मी ध्रुव (35), टेमिन बाई (57), कलाबाई (56), लक्ष्मी बाई (29), प्रदीप ध्रुव (38), सुखराम (45), गणेश (39), चंदन निषाद (36), संतकुमार (48) और लक्ष्मी खैरवार (30), सभी निवासी ग्राम तमोरा, थाना खल्लारी शामिल हैं।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!