
महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बसना पुलिस ने ग्राम रसोड़ा और तोषगांव में तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 37.760 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी कीमत 8,960 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को बसना पुलिस ने मुखबिर सूचना और जांच के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई ग्राम रसोड़ा मोड़ के पास की गई, जहां कमलेश नायक (27 वर्ष) के कब्जे से 20 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई। इसकी कीमत 4 हजार रुपये आंकी गई है।दूसरी कार्रवाई खटखटी से रसोड़ा जाने वाले मार्ग पर आम पेड़ के नीचे की गई। यहां शंभु नाग (65 वर्ष) के कब्जे से दो प्लास्टिक थैलों में रखे 32 पौवा यानी 5.760 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई। इसकी कीमत 2,560 रुपये बताई गई है।
वहीं तीसरी कार्रवाई ग्राम तोषगांव के बेल्डीह पठार मोड़ के पास की गई। यहां रोहित अजगल्ला (44 वर्ष) के कब्जे से 12 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत 2,400 रुपये आंकी गई है। तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कुल जब्त शराब में 32 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब और 5.760 लीटर देशी प्लेन शराब शामिल है।


