Friday, 20 Nov 2026

लॉज में गांजा तस्करी की साजिश रचते चार आरोपी गिरफ्तार, 15 किलो गांजे के बदले 70 हजार के भुगतान का खुलासा

महासमुंद। महासमुंद जिले के बसना में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश और ओडिशा के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बसना के एक लॉज में दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। जांच में करीब 15 दिन पहले 15 किलो गांजे की सप्लाई के बदले 70 हजार रुपए के डिजिटल भुगतान का खुलासा हुआ है। वहीं, 25 किलो गांजे की एक और खेप की सुपुर्दगी की तैयारी भी पुलिस कार्रवाई के चलते विफल हो गई।

पुलिस के अनुसार, 19 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बसना स्थित एक लॉज में मध्यप्रदेश और ओडिशा के कुछ लोग गांजे की अंतरराज्यीय तस्करी और खरीद-बिक्री की योजना बना रहे हैं। सूचना पर बसना पुलिस ने लॉज की घेराबंदी कर दबिश दी। वहां एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल के साथ चार संदिग्ध मिले। पूछताछ में वे लॉज में रुकने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बता सके। संदेह के आधार पर पुलिस ने उनके मोबाइल फोन और संपर्कों की जांच की।

जांच में सामने आया कि मध्यप्रदेश के हेमराज मीणा और मंगल सिंह मीणा ने ओडिशा के मुख्य सप्लायर और अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर गांजा तस्करी का नेटवर्क तैयार किया था। पुलिस के मुताबिक, ओडिशा के लिंगराज गुरु और उदीप्त प्रधान मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बसना पहुंचते थे और मध्यप्रदेश के गिरोह तक उसकी सप्लाई में मध्यस्थ तथा पायलेटिंग की भूमिका निभाते थे। इसके बाद गांजे को भोपाल तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाती थी।

पुलिस ने मंगल सिंह मीणा के मोबाइल में संचालित फोन-पे ऐप के लेन-देन विवरण की जांच की। इसमें करीब 15 दिन पहले 15 किलो गांजे की सप्लाई के एवज में 70 हजार रुपए के डिजिटल भुगतान के इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य मिले। इसके अलावा 19 नवंबर को ओडिशा निवासी मुख्य सप्लायर सुरेश नायक से करीब 25 किलो गांजा प्राप्त करने की तैयारी थी। इसके लिए बैंक खाते में रकम ट्रांसफर की जानी थी, लेकिन भुगतान प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और पुलिस की दबिश के चलते गांजे की सुपुर्दगी नहीं हो पाई।

इस मामले में पुलिस ने मध्यप्रदेश के हेमराज मीणा (45), मंगल सिंह मीणा (35) तथा ओडिशा के लिंगराज गुरु (21) और उदीप्त प्रधान (25) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार एंड्रॉइड मोबाइल फोन, जिनकी कीमत करीब 40 हजार रुपए है, तथा तस्करी और पायलेटिंग में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है। बसना थाने में अपराध क्रमांक 652/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 29(1), 30 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में फरार मुख्य सप्लायर सुरेश नायक और गिरोह से जुड़े अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!