हृदयाघात के बाद बिलासपुर के निजी अस्पताल में चल रहा था उपचार
महासमुंद, 23 अप्रैल। महासमुंद जिले के जिला आबकारी अधिकारी सुनील सूर्यवंशी का गुरुवार को बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रशासनिक महकमे सहित जिले में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अप्रैल को महासमुंद जिला पुलिस द्वारा आयोजित गांजा नष्टीकरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए वे बेलसोढ़ा स्थित बालाजी पावर प्लांट पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में दर्द और जलन की शिकायत हुई। स्थिति गंभीर होने पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हृदयाघात (हार्ट अटैक) होने की पुष्टि की थी।
इसके बाद से उनका इलाज लगातार बिलासपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उपचार के दौरान गुरुवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। सूत्रों के अनुसार, सुनील सूर्यवंशी को पिछले कुछ समय से सीने में दर्द की शिकायत रहती थी, लेकिन वे इसे गैस की समस्या समझकर सामान्य दवाइयां लेते रहे। घटना वाले दिन भी प्रारंभ में यही स्थिति मानी गई, किंतु दर्द बढ़ने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया था। सुनील सूर्यवंशी के निधन पर जिले के प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों एवं परिचितों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।


