Friday, 27 Nov 2026

स्कॉर्पियो के गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जा रहा था 21 किलो गांजा, यूपी का तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत तेंदूकोना पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तरप्रदेश के एक युवक को 21 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी स्कॉर्पियो वाहन की पिछली सीट के नीचे बनाए गए विशेष गुप्त चेंबर में गांजा छिपाकर ओडिशा से प्रयागराज ले जा रहा था। पुलिस ने गांजा, स्कॉर्पियो और मोबाइल फोन समेत कुल 13 लाख 51 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस के अनुसार 25 नवंबर को तेंदूकोना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति सफेद रंग की स्कॉर्पियो में गांजा लेकर बिक्री के लिए परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम तिलाईदादर चौक मेन रोड के पास घेराबंदी की। इसी दौरान मुखबिर के बताए हुलिए और वाहन क्रमांक OR-02 AL-1188 की स्कॉर्पियो वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम इशदत्त उर्फ सूरज मिश्रा (24) पिता श्यामबिहारी मिश्रा, निवासी बसुहार, थाना सराय अकिल, जिला कौशाम्बी, उत्तरप्रदेश बताया। पुलिस ने नियमानुसार वाहन की तलाशी ली तो पीछे की सीट के नीचे एक विशेष चेंबर बना मिला। चेंबर खोलने पर उसमें गांजा छिपाकर रखा हुआ था। तौल करने पर कुल 21 किलो गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख 50 हजार रुपए है, बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में बिक्री के लिए जा रहा था। पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन की कीमत करीब 3 लाख रुपए और मोबाइल फोन की कीमत 1 हजार रुपए आंकी है। इस तरह कुल 13 लाख 51 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना तेंदूकोना में अपराध क्रमांक 155/2026 के तहत धारा 20(B)(II)(C) और 29 NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!