Friday, 27 Nov 2026

कोटरीपानी में अवैध महुआ शराब का ठिकाना ध्वस्त, 150 किलो लाहन नष्ट

बागबाहरा। जिले में अवैध शराब निर्माण, बिक्री व परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बागबाहरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ग्राम कोटरीपानी में अवैध शराब के ठिकाने पर दबिश देकर 10 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब जब्त की है।

गौरतलब है कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम कोटरीपानी में कांति राम नाम का व्यक्ति अपने बाड़ी में बेचने व पैसा कमाने के उद्देश्य से अवैध रूप से हाथ भट्टी से भारी मात्रा में महुआ शराब बना रहा है। सूचना की तस्दीक के बाद बागबाहरा पुलिस टीम ने दोपहर करीब 12 बजे संदिग्ध के घर-बाड़ी में छापामारी की। मौके पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा, जिसने अपना नाम कांति राम पिता अनंत राम गोंड उम्र 55 साल निवासी ग्राम कोटरीपानी बताया। संदिग्ध के कब्जे से कुल 10 लीटर हाथ भट्टी महुआ शराब कीमती 1000 रुपये जब्त की गई।

जांच के दौरान तालाब किनारे जल रही भट्टी पर चढ़े बड़े-बड़े भगोनों में अवैध रूप से महुआ शराब तैयार की जा रही थी। इसके अलावा आरोपी द्वारा तालाब किनारे जमीन के नीचे गड़ाकर रखे कई नग प्लास्टिक जरीकिन में करीबन 150 किलो महुआ लाहन पास बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। तालाब से लगे आरोपी के बाड़ी में बनी झोपड़ी में भी शराब निर्माण हेतु भट्टी जलते हुए पाई गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध थाना बागबाहरा में अपराध क्रमांक 240/26 धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अपराध कायम कर गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!