Friday, 29 May 2026

बस यात्री के बैग से 46.68 लाख की चांदी जब्त, 600 नग पायल बरामद

महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना पुलिस ने सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए बस में सफर कर रहे यात्री के कब्जे से 46 लाख 68 हजार रुपये मूल्य की चांदी जब्त की है। पुलिस ने यात्री के बैग से 600 नग चांदी की पायल बरामद की, जिसका कुल वजन 18.590 किलोग्राम बताया गया है।

जानकारी के अनुसार सीमावर्ती क्षेत्रों से अवैध गतिविधियों एवं अवैध पदार्थ परिवहन पर रोक लगाने के निर्देश पर रेहटीखोल नाका (एनएच-353) में वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रही श्री श्याम ट्रैवल्स बस को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान एक यात्री के पास रखे नीले रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर उसमें तीन प्लास्टिक डिब्बों में रखी 600 नग चांदी की पायल बरामद हुई।

पूछताछ में यात्री ने अपना नाम राज किशोर शर्मा उर्फ राजू (58 वर्ष) निवासी लालबाग, जिला कटक (ओडिशा) बताया। पुलिस ने चांदी के गहनों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया, लेकिन यात्री कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने धारा 106 बीएनएसएस के तहत चांदी जब्त कर ली। मामले की अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग एवं राजस्व सूचना निदेशालय छत्तीसगढ़ को सूचना भेजी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!