महासमुंद। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स एवं थाना कोमाखान पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ गांजा तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15.380 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 7 लाख 69 हजार रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार 21 अप्रैल को वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति लाल-काले रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल क्रमांक ओडी 18 ई 1525 में गांजा लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक तेज गति से भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर ग्राम सुवरमाल पेट्रोल पंप के पास उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सोनू केसरी (30 वर्ष) निवासी करहां, थाना मोहम्मदाबाद, जिला मऊ (उत्तरप्रदेश) बताया। तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की पिछली सीट पर रखी सफेद प्लास्टिक बोरी से 15.380 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में गांजा फुलवानी (ओडिशा) से रायपुर लाकर खपाने की योजना बताई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत 8 लाख 19 हजार रुपये आंकी गई है।
कोमाखान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस विभाग के अनुसार पिछले तीन महीनों में जिले में 75 मामलों में 5700.288 किलो गांजा जब्त कर 193 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।


