महासमुंद। शहर के रायपुर रोड स्थित होटल बालाजी में हुए बहुचर्चित जुआ कांड मामले में करीब 8 महीने बाद पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए चालान न्यायालय में पेश किया। चालान पेश होने के बाद न्यायालय ने मामले में 19 आरोपियों के खिलाफ जेल वारंट जारी किया, जिसके बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में 23 अक्टूबर की देर रात करीब 1:30 बजे महासमुंद पुलिस ने डीएसपी के नेतृत्व में कार्यवाही करते हुए होटल बालाजी की तीसरी मंजिल स्थित हॉल में चल रहे बड़े जुआ फड़ का भंडाफोड़ किया था। उस दौरान पुलिस ने मौके से 28 जुआरियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये की नकदी, वाहन और मोबाइल फोन सहित जुआ सामग्री जब्त की थी। मामले में होटल संचालक उस समय पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस ने मामले में जांच पूरी करने के बाद आगे की कार्रवाई करते हुए न्यायालय में चालान पेश किया। चालान पर सुनवाई के बाद न्यायालय ने 19 आरोपियों के खिलाफ जेल वारंट जारी किया, जिसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया।
मामले में पुलिस ने जिन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है, उनमें राजेश निवासी वार्ड नंबर 20 मेघ बसंत कॉलोनी महासमुंद, जसमीत सिंह निवासी थामस गली महासमुंद, विपिन चन्द्राकर निवासी मौहारी भाठा जगतपारा महासमुंद, नीरज चन्द्राकर निवासी कुर्मी पारा महासमुंद, कृष्ण कुमार साहू निवासी कौशिक कॉलोनी महासमुंद, राहुल जैन निवासी कॉलेज रोड महासमुंद, तुषार चौहान निवासी स्टेशन पारा महासमुंद, जितेंद्र कुमार कुकरेजा निवासी इमलीभाठा महासमुंद, रणवीर सिंह निवासी थामस गली स्टेशन रोड महासमुंद, रिंकू उर्फ धर्मेंद्र निवासी गांधी चौक महासमुंद, रवि महेश्वरी निवासी गांधी चौक महासमुंद, अभिषेक जैन निवासी कॉलेज रोड महासमुंद, मेहूल सूचक निवासी स्वामी चौक महासमुंद, शशांक जैन निवासी कॉलेज रोड महासमुंद, आनंद निवासी स्टेशन रोड महासमुंद, कुणाल निवासी खरोरा महासमुंद, करण चोपड़ा निवासी स्टेशन रोड महासमुंद, हितेश निवासी स्टेशन पारा महासमुंद और अजय नायडू निवासी हिमालया पार्क एलआईसी बिल्डिंग के पीछे महासमुंद शामिल हैं।
इस मामले में थाना महासमुंद में अपराध क्रमांक 465/2025 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2), 5 एवं बीएनएस की धारा 112 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब होटल बालाजी जुआ मामले में न्यायालयीन प्रक्रिया भी आगे बढ़ गई है।


