महासमुंद। जिले में पटवारियों की हड़ताल के बीच प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए पांच पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। किसानों के राजस्व संबंधी कार्यों में लापरवाही, पंजीयन, पीवी सत्यापन और डीसीएस सर्वे में संतोषजनक प्रगति नहीं मिलने पर यह कार्रवाई की गई है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देश पर संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों ने निलंबन के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार बागबाहरा तहसील के तीन पटवारी भंगी राम ध्रुव, कमलेश डहरे और नीरज कुमार वर्मा को निलंबित किया गया है। वहीं बसना अनुविभाग के तिलक राम चौधरी और सरायपाली अनुविभाग की दमयंती नायक पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई है।
प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व कार्यों और धान खरीदी से जुड़ी तैयारियों में लापरवाही के खिलाफ सख्त कदम माना जा रहा है। खासकर पंजीयन, पीवी सत्यापन और डीसीएस सर्वे जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं होने को गंभीरता से लिया गया है।निलंबन अवधि के दौरान सभी पांचों पटवारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। प्रशासन की कार्रवाई से जिले के राजस्व अमले में हड़कंप मच गया है।


