Thursday, 28 May 2026

आकाशीय बिजली गिरने से घर जलकर खाक, पत्नी झुलसी, ग्रामीणों और दमकल की मदद से आग पर पाया गया काबू

बागबाहरा। महासमुंद जिले के बागबाहरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बाघामुड़ा में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 4 बजे ग्राम निवासी प्रज्ञानंद देवांगन के घर पर आकाशीय बिजली गिरने से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया और घर में रखा सामान जलकर खाक हो गया।

जानकारी के अनुसार, आकाशीय बिजली गिरते ही घर में आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा मकान जलने लगा। घटना के समय घर में प्रज्ञानंद देवांगन सहित परिवार के पांच सदस्य मौजूद थे। हादसे में उनकी पत्नी नंदनी देवांगन आग की चपेट में आकर झुलस गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार कराया गया।

ग्रामीणों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास शुरू किया और दमकल विभाग को सूचना दी गई। दमकल वाहन के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

बताया जा रहा है कि प्रज्ञानंद देवांगन मोटरसाइकिल बैग बनाने का काम करते हैं। आगजनी में उनके व्यवसाय से जुड़ा सामान, घरेलू सामग्री एवं अन्य जरूरी वस्तुएं जल गईं। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, घटना में करीब 8 से 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को प्रशासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!