Thursday, 28 May 2026

विधायक कविता प्राण लहरे का केंद्र पर तीखा वार, महिला आरक्षण से महंगाई तक मोदी सरकार को घेरा

महासमुंद। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में आज आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। बिलाईगढ़ की विधायक कविता प्राण लहरे और महासमुंद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने महिला आरक्षण, महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को आड़े हाथों लिया।

प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए विधायक कविता प्राण लहरे ने कहा कि केंद्र सरकार महिला सशक्तिकरण और महिला सम्मान की बड़ी-बड़ी बातें करती है, लेकिन महिला आरक्षण लागू करने के मामले में गंभीर नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 संसद के दोनों सदनों से पारित होकर कानून बन चुका है, इसके बावजूद महिलाओं को अब तक इसका लाभ नहीं मिल पाया है।

उन्होंने कहा कि यदि सरकार की नीयत साफ होती तो वर्तमान व्यवस्था में ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा सकता था। परिसीमन का बहाना बनाकर महिलाओं के अधिकारों को टालना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कानून बन चुका है तो उसे लागू करने में देरी क्यों की जा रही है। कविता प्राण लहरे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी शुरू से महिला आरक्षण की समर्थक रही है। पंचायतों और नगरीय निकायों में महिलाओं को आरक्षण देने की पहल कांग्रेस सरकारों ने की थी। इसी का परिणाम है कि आज देशभर में लाखों महिलाएं जनप्रतिनिधि के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के पक्ष में रही है।

वहीं जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष द्वारकाधीश यादव ने कहा कि वर्ष 2014 से केंद्र की मोदी सरकार जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए गए, लेकिन आम जनता को राहत नहीं मिली। महंगाई लगातार बढ़ रही है, बेरोजगारी चरम पर है और किसानों को भी अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल प्रचार और घोषणाओं तक सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता परेशान है। महिलाओं की सुरक्षा, रोजगार और विकास जैसे मुद्दों पर सरकार असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि अब जनता जवाब मांग रही है और आने वाले समय में लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी।

प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष आलोक चंद्राकर, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राशि त्रिभुवन महिलांग, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानिक साहू, अन्नू चंद्राकर, गुरमीत चावला, लक्ष्मण पटेल सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महिला आरक्षण के नाम पर भ्रम फैलाने के बजाय केंद्र सरकार को इसे तत्काल लागू करना चाहिए।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!