महासमुंद। नेशनल इंटर डिस्ट्रिक्ट जूनियर एथलेटिक्स मीट के लिए जिला एथलेटिक्स संघ महासमुंद द्वारा चयन प्रतियोगिता का आयोजन सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक, फॉरेस्ट ग्राउंड, बीटीआई रोड महासमुंद में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों और विद्यालयों से पहुंचे लगभग 90 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। चयनित खिलाड़ी हैदराबाद में होने वाली राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भागीदारी करेंगे।
कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को पहचानकर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं भी दीं।
प्रतियोगिता में बसना, सरायपाली और महासमुंद सहित केंद्रीय विद्यालय, भोरिंग, तुमगांव, लाफिंग खुर्द, आशिबाई गोलछा, सेजेश महासमुंद और सरस्वती शिशु मंदिर के खिलाड़ियों ने भाग लिया। 14 वर्ष से कम आयु वर्ग में बालक-बालिकाओं के लिए ट्रायथलॉन की विभिन्न स्पर्धाओं के अंतर्गत 60 मीटर दौड़, लंबीकूद, ऊंचीकूद, बैक थ्रो और 600 मीटर दौड़ आयोजित की गई। इसके साथ ही भाला फेंक सहित अन्य एथलेटिक्स स्पर्धाएं भी हुईं।
16 वर्ष बालक-बालिका वर्ग की स्पर्धाओं में प्रखर पटेल ने भाला फेंक में प्रथम स्थान प्राप्त किया। चंद्रशेखर सिदार ने ऊंचीकूद और 600 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। गोला फेंक में पंकज बुदेक और लावण्या साहू ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, 600 मीटर दौड़ में शालिनी मानिकपुरी तथा 60 मीटर दौड़ में लक्ष्य भोई और तेजेश्वरी सोनवानी ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आयोजन के दौरान जिला एथलेटिक्स संघ की सचिव चारुलता गजपाल, डॉ. सुनील कुमार भोई, भूपेंद्र प्रधान, रेखराम ध्रुव, मदन चौधरी, कल्याणी, भारत ठाकुर, भारती और कंचन सेन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के माध्यम से जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा।


