Wednesday, 10 Jun 2026

प्रभारी प्राचार्य पर जातिगत गाली-गलौज का आरोप, जांच के आदेश

महासमुंद। जिले में शिक्षा विभाग से जुड़े एक गंभीर मामले में जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश जारी किए हैं। ग्राम सिंघनपुर, झलप विकासखण्ड की शिक्षिका श्रीमती पंचकुमारी योगी ने आरोप लगाया है कि शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नरतोरा के प्रभारी प्राचार्य  द्वारिका प्रसाद चन्द्राकर ने उनके साथ जातिसूचक गाली-गलौज की है।

शिकायत पर त्वरित कार्रवाई

श्रीमती योगी द्वारा दिनांक 02 सितम्बर 2025 को जिला शिक्षा अधिकारी को दिए गए शिकायतपत्र में इस संबंध में 9 बिंदुओं पर गंभीर आरोप लगाए गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी, महासमुंद ने आदेश जारी कर संबंधित अधिकारियों को जांच सौंप दी है।

जांच समिति गठित

आदेश के अनुसार लीलाधर सिन्हा, विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी महासमुंद, श्रीमती हीना धालेन, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी महासमुंद, जागेश्वर सिन्हा, विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक महासमुंद को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। इन अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि शिकायत का परीक्षण कर 5 दिवस के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन अभिमत सहित प्रस्तुत करें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।

उच्च अधिकारियों को भी भेजी प्रतिलिपि

जिला शिक्षा अधिकारी ने इस आदेश की प्रतिलिपी, संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़, नवा रायपुर कलेक्टर, जिला महासमुंद, संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर को भी भेजी है।

जातिगत गाली-गलौज जैसे गंभीर आरोपों पर जांच का आदेश जारी होने से शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। अब सबकी नजरें जांच प्रतिवेदन पर टिकी हैं। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित प्राचार्य के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो सकती है।

 

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!