Monday, 19 Oct 2026

अश्लील फोटो-वीडियो से ब्लैकमेलिंग और 4 लाख की वसूली, फरार मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बसना। दुष्कर्म, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी और करीब 4 लाख रुपये की अवैध वसूली के गंभीर मामले में बसना पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में पुलिस पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। वहीं, मुख्य आरोपी को फरार होने में मदद करने के आरोप में उसके पिता के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, मामला वर्ष 2021-22 से जुड़ा है। आरोप है कि पीड़िता के अश्लील फोटो-वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी गई और ब्लैकमेल कर करीब 4 लाख रुपये वसूले गए। अपराध की शुरुआत के समय दो मुख्य आरोपी नाबालिग थे, लेकिन बालिग होने के बाद भी वर्ष 2026 तक अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता का कथित शोषण और ब्लैकमेलिंग जारी रखी।

गौरतलब है कि पीड़िता की शिकायत पर 13 अक्टूबर 2026 को बसना थाने में अपराध क्रमांक 572/26 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। कार्रवाई के दौरान मोबाइल फोन जब्त किए गए और 14 अक्टूबर को पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। मामले में फरार चल रहे 22 वर्षीय मुख्य आरोपी की तलाश जारी थी। पुलिस ने उसे 18 अक्टूबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए पेश किया।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी को फरार होने में सहायता करने के आरोप में उसके पिता अनिश दयाला के विरुद्ध भी भारतीय न्याय संहिता की धारा 249(ए) के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS), आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। लंबे समय तक कथित शोषण, अश्लील सामग्री के जरिए ब्लैकमेलिंग और लाखों रुपये की वसूली से जुड़े इस मामले में फरार आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!