महासमुंद। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बसना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 64.980 लीटर अवैध अंग्रेजी एवं देशी शराब जब्त की है। जब्त शराब की कुल कीमत 42 हजार 320 रुपये आंकी गई है।
महासमुंद पुलिस के अनुसार जिले में अवैध शराब कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स तथा सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में लगातार दबिश दी जा रही है। अभियान के तहत अब तक 584 प्रकरणों में 660 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। वहीं अभियान की शुरुआत से अब तक कुल 6 हजार 940.770 लीटर शराब जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 19 लाख 92 हजार 730 रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 7 मई 2026 को थाना बसना पुलिस पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखकर बिक्री की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी राजा बंजारा को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से पांच सफेद एवं नारंगी रंग की प्लास्टिक बोरियों में भरी शराब बरामद हुई।
पुलिस ने आरोपी के पास से 336 पौवा जीप्सी अंग्रेजी शराब बरामद की, जिसकी कुल मात्रा 60.480 लीटर एवं कीमत 40 हजार 320 रुपये है। इसके अलावा 25 पौवा देशी प्लेन शराब कुल 4.500 लीटर कीमत 2 हजार रुपये की भी जब्त की गई। कुल मिलाकर 64.980 लीटर शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 42 हजार 320 रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजा बंजारा (20 वर्ष) निवासी चनौरडीह (भालुपतेरा) थाना बसना जिला महासमुंद के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।


