Thursday, 28 May 2026

शातिर चोर गिरफ्तार, 32 लाख से अधिक के सोने-चांदी के जेवर बरामद

महासमुंद। पुलिस ने जिले में लगातार हो रही चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से करीब 32 लाख 38 हजार 900 रुपये की चोरी की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, मोटरसाइकिल और मोबाइल जब्त किया है।

महासमुंद पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने आज मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपी पंचराम उर्फ पंचु निषाद (38 वर्ष) निवासी ग्राम चंदली थाना चंद्रपुर जिला सक्ति का रहने वाला है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न जिलों के अलग-अलग थानों में चोरी के 13 मामले दर्ज हैं। आरोपी दुर्ग, धमतरी तथा जांजगीर-चांपा जिले के कई चोरी प्रकरणों में जेल जा चुका है। बताया गया कि जांजगीर-चांपा जिला अस्पताल से इलाज के बहाने फरार होने के बाद वह पंजाब भाग गया था और वापस लौटकर महासमुंद जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी चोरी करने के लिए खास तरीका अपनाता था। वह ऐसे घरों को निशाना बनाता था जहां मकान निर्माण का कार्य चल रहा हो या घर के बाहर ईंट-गिट्टी रखी हो। आरोपी सूने मकानों में चोरी नहीं करता था बल्कि घर में बुजुर्ग या छोटे बच्चों की मौजूदगी होने पर कम कीमत में छड़-सीमेंट दिलाने का लालच देकर घर में प्रवेश करता था और मौका पाकर आलमारी से जेवर चोरी कर लेता था।

मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी ओमप्रकाश ठाकुर निवासी बगारपाली थाना तेंदूकोना ने 27 अप्रैल 2026 को अपने घर से लगभग 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर विशेष टीम गठित की और तकनीकी विश्लेषण व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की।

वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने आरोपी पंचराम निषाद को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। पूछताछ में आरोपी ने बगारपाली सहित कोमाखान, सांकरा, तेंदूकोना, सरायपाली, पिथौरा और बुंदेली क्षेत्रों में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी के जेवर विभिन्न ज्वेलरी दुकानों में बेचने की बात भी कबूल की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर पिथौरा स्थित जी.एस. ज्वेलर्स और भंवरपुर के कैलाश ज्वेलर्स से चोरी के आभूषण बरामद किए हैं, जबकि अन्य ज्वेलरी दुकानों से संपत्ति जब्ती की कार्रवाई जारी है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 163.310 ग्राम सोने के आभूषण कीमत 25 लाख 52 हजार 200 रुपये, 2 किलो 585.94 ग्राम चांदी के आभूषण कीमत 6 लाख 41 हजार 700 रुपये, एक मोटरसाइकिल तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 32 लाख 38 हजार 900 रुपये बताई गई है।

महासमुंद पुलिस का कहना है कि जिले में एक जैसी चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और चोरी के नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!