Thursday, 28 May 2026

1.14 करोड़ का 226 किलो गांजा जब्त, महाराष्ट्र के 2 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 226.600 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने गांजा परिवहन में इस्तेमाल एक पिकअप वाहन और 3 मोबाइल फोन समेत कुल 1 करोड़ 22 लाख 75 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है। मामले में महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक पिकअप वाहन में भारी मात्रा में गांजा लेकर तस्कर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र जा रहे हैं। सूचना के बाद एनएच-53 स्थित सिल्की ढाबा के सामने ग्राम गनियारीपाली में नाकेबंदी की गई।

कुछ समय बाद संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक MH16 CD 8741 को रोककर जांच की गई। वाहन में सवार दो व्यक्तियों ने अपना नाम अजिनाथ आश्रु जाधव (28 वर्ष) और अक्षय बारूक मोरे (32 वर्ष), निवासी अहमदनगर महाराष्ट्र बताया। तलाशी के दौरान वाहन के डाले में खाली कैरेट के नीचे प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखा गया 226.600 किलो गांजा बरामद हुआ। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे गांजे को ओडिशा के बालीगुडा क्षेत्र से महाराष्ट्र के अहमदनगर ले जा रहे थे।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!