रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र अंतर्गत रावाभाठा इलाके में संदिग्ध बम सामग्री मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। वार्ड नंबर 13 स्थित एक घर में देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिलने की सूचना पर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं।
मिली जानकारी के अनुसार मौके से बैटरी, वायर, डेटोनेटर और दो बोतल संदिग्ध केमिकल बरामद किए गए। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता (BDDS) और FSL की टीम ने इलाके को घेरकर जांच शुरू की। सुरक्षा के मद्देनज़र आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। जांच के दौरान BDDS टीम ने बरामद सामग्री को लो एक्सप्लोसिव इंटेंसिटी का बताया है। विशेषज्ञ टीम ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत मौके पर ही संदिग्ध सामग्री को नष्ट कर दिया। पुलिस द्वारा आसपास मौजूद लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी की। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सामग्री किस उद्देश्य से रखी गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। जांच जारी है।


