रायपुर।राजधानी में एक बड़ी कार्रवाई के तहत न्यू राजेन्द्र नगर थाना पुलिस ने संदिग्ध पार्सल से 16 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। यह रकम कोलकाता से दिल्ली भेजे जा रहे एक पार्सल में छिपाकर भेजी जा रही थी।
पुलिस के अनुसार, अशोका मिलेनियम प्लाजा स्थित हंस ट्रेवल्स कार्यालय में संदिग्ध पार्सल की सूचना मिलने पर पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। निर्देश मिलते ही थाना प्रभारी न्यू राजेन्द्र नगर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दबिश दी। तलाशी के दौरान तीन सफेद बोरों में भारी मात्रा में नगदी बरामद हुई। जब्त रकम में 20 रुपये के 400 बंडल और 10 रुपये के 800 बंडल शामिल हैं, जिसकी कुल कीमत 16 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने इस मामले में धारा 106 बी.एन.एस.एस. के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही, पूरे प्रकरण की जानकारी आयकर विभाग को भेज दी गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नकदी का वास्तविक मालिक कौन है और इसे किस उद्देश्य से भेजा जा रहा था। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।


