Thursday, 20 Aug 2026

पनीर की सैंपल निकली असुरक्षित, वैद्य फूड सील 

महासमुंद। भलेसर रोड स्थित वैद्य फूड में पनीर की गुणवत्ता को लेकर प्रशासन की कार्रवाई के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। नकली पनीर की शिकायत पर 16 अगस्त की रात खाद्य सुरक्षा एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने वैद्य फूड में दबिश दी थी। कार्रवाई के दौरान करीब 200 किलो पनीर सील कर सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे।

19 अगस्त को सामने आई जांच रिपोर्ट में पनीर का सैंपल अमानक पाया गया। रिपोर्ट के अनुसार संबंधित पनीर मानव उपभोग के लिए सुरक्षित नहीं पाया गया है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले में कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में आज तहसीलदार जुगल किशोर पटेल और खाद्य सुरक्षा विभाग के जिला अधिकारी उमेश वर्मा के नेतृत्व में टीम वैद्य फूड पहुंची। टीम द्वारा पनीर को लेकर सील की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई के दौरान विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

गौरतलब है कि क्षेत्र में पहले एनालॉग यानी कृत्रिम पनीर को लेकर शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद राज्य सरकार के निर्देश पर प्रदेशभर में एनालॉग पनीर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इसकी बिक्री पर रोक लगाने की प्रक्रिया अपनाई गई थी। ऐसे समय में महासमुंद में पनीर का सैंपल अमानक मिलना खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला माना जा रहा है।

मामले में खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 59 के तहत कार्रवाई की बात सामने आई है। अब विभागीय जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।

असुरक्षित पनीर की रिपोर्ट सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह पनीर बाजार में बिक्री के लिए भेजा जा रहा था और यदि हां, तो इसकी सप्लाई कहां-कहां की गई? इन सवालों के जवाब अब विभागीय जांच और कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होंगे। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इस मामले ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!