चाकूबाजी में तीन युवक गंभीर घायल, चार संदिग्धों से पुलिस कर रही पूछताछ
महासमुंद। खल्लारी थाना क्षेत्र के ग्राम कोल्दा में डीजे डांस प्रतियोगिता देखने पहुंचे युवकों के बीच हुए विवाद ने देर रात खूनी रूप ले लिया। दो गुटों के बीच मारपीट के बाद हुई चाकूबाजी की घटना में ग्राम कोमा निवासी डेनिल दीवान की मौत हो गई। वहीं हमले में मनु दीवान, सोमनाथ दीवान और मनीष दीवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों घायलों का महासमुंद के सोहम हॉस्पिटल में उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की है। ग्राम कोल्दा में डीजे डांस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में लोग प्रतियोगिता देखने पहुंचे थे। इसी दौरान दो गुटों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और धारदार हथियार से हमला कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, चाकूबाजी की यह घटना डीजे डांस प्रतियोगिता स्थल से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुई। हमले में चार युवक घायल हुए, जिनमें डेनिल दीवान की हालत गंभीर बताई गई। बाद में उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही खल्लारी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में ग्राम आंवराडबरी और कन्हारपुरी के युवकों के शामिल होने की बात सामने आई है।
पुलिस ने संदेह के आधार पर चार युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि चाकूबाजी की वास्तविक वजह क्या थी और विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ, इसका खुलासा पुलिस की जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। घटनास्थल का मुआयना करने के साथ पुलिस आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और सनसनी का माहौल है।



