महासमुंद। सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 अक्टूबर को शहर के नयारावण भाठा वार्ड क्रमांक 30 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र आदर्श नगर-02 में “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती शुभ्रा मनीष शर्मा उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं से पोषण एवं पौष्टिक आहार को लेकर संवाद किया तथा बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के संबंध में जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में महिलाओं के लिए बिंदी लगाओ प्रतियोगिता, चूड़ी टास्क गेम, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी प्रश्नोत्तरी तथा बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। चित्रकला में लाडो, गुलशन और झरना ने सहभागिता की। बिंदी प्रतियोगिता में नमिता प्रजापति तथा चूड़ी टास्क गेम में दुर्गा तारक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका और वार्ड मितानिन को सराहनीय कार्य के लिए श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। दिशा वर्मा ने महतारी वंदन योजना, आरती प्रजापति ने प्रधानमंत्री आवास योजना तथा जानकी सिन्हा ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से मिले लाभ का अनुभव साझा किया। छह माह की बच्ची मायरा प्रजापति का अन्नप्राशन भी कराया गया। केंद्र में नेवता भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजू प्रजापति, सहयोगी कार्यकर्ता हेमलता निषाद, देवकी कंडरा, अगेश्वरी धीवर, सहायिका राधा विश्वकर्मा और कला सिन्हा सहित महिलाएं व बच्चे उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के स्वस्थ विकास तथा मातृ स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।


