महासमुंद। शहर के वार्ड क्रमांक 13 श्यामल गली निवासी एक सामाजिक कार्यकर्ता ने बिजली कनेक्शन बहाल नहीं किए जाने के विरोध में आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। इस संबंध में उन्होंने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रशासन को पूर्व सूचना दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड क्रमांक 13 निवासी जसमीत बादल मकवड़ ने कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया है कि मोहल्ले में रहने वाले रामअवतार धुव एवं उनके परिवार का बिजली कनेक्शन किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा शिकायत किए जाने के बाद काट दिया गया था। आवेदन में कहा गया है कि विभाग द्वारा सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी किए जाने के बावजूद अब तक नया कनेक्शन प्रदान नहीं किया गया है। आवेदनकर्ता ने आरोप लगाया है कि बिजली कनेक्शन नहीं मिलने से संबंधित परिवार भीषण गर्मी में परेशानियों का सामना कर रहा है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र समस्या का समाधान करने की मांग की है।
मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में जसमीत बादल मकवड़ ने 27 अप्रैल 2026 से आमरण अनशन पर बैठने की चेतावनी दी है। ज्ञापन की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), विद्युत विभाग तथा थाना सिटी कोतवाली महासमुंद को भी प्रेषित की गई है। प्रशासन की ओर से मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।


