पिथौरा। नगर के स्थानीय शहीद भगत सिंह खेल मैदान में आयोजित श्री गोविंद कमला गौधाम कप रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित प्रतियोगिता के चौथे दिन मुख्य अतिथि परमीत सिंह माटा (निशू), अध्यक्षता कुलजीत आजमानी (जनसेवा 24 न्यूज) तथा विशिष्ट अतिथि विजय गुप्ता (नवभारत) उपस्थित रहे। इस अवसर पर सतीश अग्रवाल, सचिन अग्रवाल एवं मेहर सलूजा भी मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन सौरभ अग्रवाल ने किया। मुख्य अतिथि परमीत सिंह माटा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पत्रकारिता की कलम और खिलाड़ी का बल्ला दोनों अनुशासन तथा सटीक निशाने की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि गलत खबर समाज को गुमराह कर सकती है, वहीं खेल भावना के बिना खेला गया खेल केवल मनोरंजन बनकर रह जाता है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ गौ-सेवा का भी पावन संकल्प है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि मैदान में हारा हुआ इंसान फिर जीत सकता है, लेकिन मन से हारा हुआ इंसान कभी नहीं जीत सकता।
गौरतलब है कि कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा मुख्य अतिथि परमीत सिंह माटा ने टॉस उछालकर मैच का शुभारंभ किया। चौथे दिन मुख्य मुकाबला बिट्टू इलेवन और नूतन कार के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिट्टू इलेवन ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 136 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी नूतन कार की टीम बिट्टू इलेवन की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम 97 रन पर सिमट गई। इस प्रकार बिट्टू इलेवन ने मुकाबला 39 रन से जीत लिया। बिट्टू इलेवन की ओर से शानदार गेंदबाजी करते हुए फहद दयाला ने 5 विकेट हासिल किए। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। अध्यक्षता कर रहे कुलजीत आजमानी ने कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद रात्रिकालीन आयोजन कर मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन ने पिथौरा का मान बढ़ाया है।
मॉर्निंग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष भोजराज डाडसेना ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है। आयोजन को सफल बनाने में भोजराज डाडसेना, राहुल यादव, दिनेश कालसा, मुक्कु सेन, तुषार राजपूत, समीर मिरी, राजगोपाल रोतीय, डिगेश पटेल, रामेश्वर ध्रुव, गीतेश ध्रुव एवं दिनेश सिन्हा का विशेष सहयोग रहा।


