बोकरामुड़ा खुर्द में लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला, कर्मचारियों की वर्दी फाड़ी; 10 नामजद सहित अन्य पर मामला दर्ज, जांच के लिए एसआईटी गठित

बागबाहरा। अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ही हमला कर दिया गया। मामला बागबाहरा थाना क्षेत्र के ग्राम बोकरामुड़ा खुर्द का है, जहां कार्रवाई के दौरान विवाद इतना बढ़ा कि टीम के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ाकर लाठी-डंडों से पीटा गया। आरोप है कि कर्मचारियों को बंधक बनाकर उन पर पत्थर भी फेंके गए। सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए गए, कर्मचारियों की वर्दी तक नहीं छोड़ी गई और सरकारी वाहन में जमकर तोड़फोड़ की गई। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच के लिए एसआईटी गठित की है।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम ग्राम बोकरामुड़ा खुर्द में अवैध शराब की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची थी। टीम दशोबाई मांझी के खिलाफ अवैध शराब से संबंधित कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान दशोबाई की देवरानी हेमबती मांझी ने कथित तौर पर सरकारी दस्तावेज फाड़ दिए और शराब को फेंक दिया। इसके बाद गाली-गलौज शुरू हो गई। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने आबकारी कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देते हुए उनके साथ मारपीट की। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आबकारी टीम के कर्मचारियों को घेरकर बंधक बना लिया गया और लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला किया गया। मारपीट में कर्मचारियों की वर्दी भी फाड़ दी गई। इतना ही नहीं, सरकारी वाहन को भी निशाना बनाते हुए क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद आबकारी विभाग की ओर से बागबाहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 246/26 दर्ज किया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 115(2), 121, 351(3), 324(3), 324(4), 238(C), 241, 191(2), 190, 132, 121(1), 127(2), 126(2), 191(3) सहित अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले में खेमबती मांझी, दशोबाई मांझी, ब्रम्हा गोंड़, विष्णु गोंड़, लक्ष्मण मांझी, जयकुमार मिर्धा, लक्ष्मण गोंड़, बसटीमो गोंड़, नेतराम गोंड़ और कुलेश्वर सहित अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है। अब पुलिस वायरल वीडियो सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। सरकारी ड्यूटी पर पहुंचे कर्मचारियों के साथ हुई इस घटना ने आबकारी विभाग के मैदानी अमले की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि जांच के बाद पुलिस इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करती है।


