Friday, 29 May 2026

कफ सिरप व नशीली टेबलेट की तस्करी, 3 आरोपी गिरफ्तार

कफ सिरप व नशीली टेबलेट की तस्करी, 3 आरोपी गिरफ्तार

महासमुंद | जिला पुलिस एवं एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में अवैध रूप से कफ सिरप और नशीली टेबलेट की तस्करी करते मुरारी लाल नायक (26 वर्ष), निवासी बोईरमाल, थाना सिंघोडा, ललित पटेल (40 वर्ष), निवासी बोईरमाल, थाना सिंघोडा, अक्षय उर्फ मंगलु रात्रे (28 वर्ष), निवासी सिंघोडा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कफ सिरप, नशीली टेबलेट एवं परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल 35,231 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 06 GN 9588 से अवैध रूप से नशीली दवाइयों का परिवहन कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम मुरारी लाल नायक (26 वर्ष) निवासी बोईरमाल तथा पीछे बैठे व्यक्ति ने अपना नाम ललित पटेल (40 वर्ष) निवासी बोईरमाल बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे बैग से 21 नग कोडीन युक्त कफ सिरप (Eskuf) जिसकी कीमत 4,158 रुपये एवं 10 नग नाइट्राजेपाम टेबलेट (कीमत 73.13 रुपये) बरामद की गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (कीमत 20,000 रुपये) भी जब्त की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने उक्त नशीली सामग्री को ओडिशा के कोदोपाली से महासमुंद लाना स्वीकार किया। मामले में तीसरे आरोपी अक्षय उर्फ मंगलु रात्रे (28 वर्ष) निवासी सिंघोडा को भी गिरफ्तार किया गया है। तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(सी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।

Share This Article

- Advertisement -

error: Content is protected !!