महासमुंद। महासमुंद जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खल्लारी में हुए रोप-वे हादसे में घायल एक और व्यक्ति की मौत हो गई है। महासमुंद स्वामी चौंक निवासी 50 वर्षीय गोविंद स्वामी, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए थे, का इलाज के दौरान रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल में निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार, हादसे के बाद उन्हें गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया था, जहां उनका इलाज जारी था। लेकिन हालत लगातार नाजुक बनी रहने के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।
गौरतलब है कि खल्लारी मंदिर में चैत्र नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच रोप-वे की ट्रॉली में तकनीकी खराबी आ गई थी, जिससे बड़ा हादसा हो गया। घटना के समय ट्रॉली में कुल 13 लोग सवार थे, जिनमें से 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
इस हादसे में पहले ही एक 28 वर्षीय महिला की मौत हो चुकी थी। अब गोविंद स्वामी के निधन के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 2 हो गई है, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर है।
हादसे के बाद जिला प्रशासन ने रोप-वे संचालन करने वाली कंपनी और कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खामियों और लापरवाही के पहलुओं की जांच की जा रही है।


