महासमुंद। जिले में अवैध महुआ शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ महासमुंद पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को थाना पिथौरा, पटेवा, खल्लारी, सरायपाली, तेंदुकोना एवं चौकी बुंदेली पुलिस ने संयुक्त रूप से कई स्थानों पर छापामार कार्रवाई की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम जंघोरा, बरतुंगा, कोलपदर (पटेवा), जोरातराई (खल्लारी), बाराडोली (सरायपाली) एवं बुंदेली क्षेत्र में दबिश देकर अवैध देशी व विदेशी शराब जब्त की गई, वहीं बड़ी मात्रा में महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया गया।कार्रवाई के दौरान कुल 12 लीटर 290 एमएल अवैध देशी प्लेन शराब (कीमत 5408 रुपये) तथा 540 एमएल अंग्रेजी व्हिस्की (कीमत 360 रुपये) जब्त की गई। साथ ही अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त बर्तन एवं अन्य सामग्री भी जप्त की गई।
पुलिस ने करीब 110 किलो महुआ लाहन को मौके पर नष्ट किया। इस कार्रवाई में दो प्रकरणों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक प्रकरण में आरोपी की तलाश जारी है। सभी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
थाना पिथौरा क्षेत्र में दर्ज तीन अलग-अलग प्रकरणों में कार्रवाई की गई। ग्राम जंघोरा निवासी बलीराम (53 वर्ष) से 5 लीटर 940 एमएल देशी शराब जब्त कर गिरफ्तार किया गया। एक अन्य प्रकरण में कवलजीत सिंह के पास से 50 एमएल शराब एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। बरतुंगा क्षेत्र में ढाबा के पास खेत से लावारिस हालत में 35 पौवा देशी शराब एवं 3 पौवा अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
इसके अलावा पटेवा, खल्लारी, सरायपाली और तेंदुकोना थाना क्षेत्रों में भी रेड कार्रवाई कर महुआ लाहन को नष्ट किया गया। पुलिस के अनुसार, जिले में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक 4775.661 लीटर अवैध महुआ शराब (कीमत लगभग 11.55 लाख रुपये) जब्त की जा चुकी है। वहीं 346 प्रकरणों में 397 व्यक्तियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।


