महासमुंद। पिथौरा विकासखंड में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। चूहिया और आश्रित पंचायत फिरगी के करीब 500 ग्रामीणों ने महिलाओं-पुरुषों सहित मिलकर बुंदेली पुलिस चौकी का घेराव कर जोरदार हंगामा किया।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद शासन-प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। इस लापरवाही से आक्रोशित होकर आज ग्रामीण सैकड़ों की संख्या में चौकी पहुंच गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव की ही एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और उसका पति लंबे समय से महुआ शराब की खुलेआम बिक्री कर रहे हैं। यही नहीं, वे स्कूल के छोटे बच्चों को भी 10 और 20 रुपए में शराब उपलब्ध कराते हैं, जिससे गांव का माहौल बिगड़ रहा है और युवा वर्ग नशे की गिरफ्त में फंस रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस मामले की शिकायत जिला कलेक्टर जनदर्शन में भी की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने के चलते उन्हें चौकी का घेराव करने मजबूर होना पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने तत्काल सख्त कदम नहीं उठाए तो यह आंदोलन और उग्र होगा।


