बागबाहरा। जनपद पंचायत बागबाहरा में पदस्थ करारोपण अधिकारी मानसिंग बरिहा एवं पंचायत सचिव बहादुर यादव के सेवानिवृत्त होने पर जनपद पंचायत सभागार में भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चन्द्राकर, जनपद सीईओ मनहरण लाल मंडावी, उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार, पूर्व सरपंच रामजी लाल सिन्हा, गणेश चंद्राकर, अतिरिक्त सीईओ जी.आर. बरिहा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्री चन्द्राकर ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, कार्य के प्रति समर्पण, सरल व्यवहार और सहयोगी भावना की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने अपने सेवाकाल में पंचायत कार्यों को बेहतर ढंग से संपादित करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का एक पड़ाव भर है, लेकिन व्यक्ति द्वारा अर्जित सम्मान और स्नेह सदैव बना रहता है।
कार्यक्रम में दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को शाल-श्रीफल, प्रतीक चिन्ह एवं उपहार भेंटकर सम्मानित किया गया तथा उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की गई। उल्लेखनीय है कि क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एवं पंचायत सचिव समारोह में शामिल हुए, जिसने अतिथियों के प्रति उनके स्नेह को दर्शाया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष, सीईओ मंडावी, जी.आर. बरिहा, लखन साहू, केजुराम ठाकुर, शिवचरण साहू, गैन्दूराम ठाकुर एवं कृष्णचंद पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष सचिव संघ बागबाहरा के चंद्र प्रताप ठाकुर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन भूपेंद्र साहू ने किया।


