लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने विधानसभा चुनावों से पहले पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 30 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। इनमें सात अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक स्तर के अधिकारी भी शामिल हैं। प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई महत्वपूर्ण जिलों और जोन की पुलिस कमान बदली गई है। तबादला सूची के अनुसार वाराणसी के पुलिस कमिश्नर रहे मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज में तैनात पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना की जिम्मेदारी दी गई है। बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन का नया एडीजी बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली भेजा गया है।आगरा जोन में भी बदलाव किया गया है। वहां तैनात एसके भगत को लखनऊ स्थानांतरित किया गया है, जबकि प्रशासन शाखा में तैनात प्रशांत कुमार को आगरा जोन का एडीजी बनाया गया है। नोएडा और गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में भी बदलाव हुआ है। नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को नोएडा की जिम्मेदारी दी गई है। चुनावी वर्ष में पुलिस प्रशासन के इस बड़े फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सरकार का दावा है कि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आने वाले दिनों में इन तबादलों का असर कानून-व्यवस्था और चुनावी तैयारियों पर दिखाई दे सकता है।